देहरादून के करीब स्थित ‘वन’ एक रमणीय और विशाल कल्याण केंद्र है। शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक और कल्याण केंद्रित अपने बहुत सारे कार्यक्रमों के लिए यह काफी प्रसिद्ध है। इन कार्यक्रमों में आयुर्वेदिक उपचार से लेकर तिब्बती चिकित्सा-पद्धति सोवा रिग्पा, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, स्पा, व्यायाम, जल-चिकित्सा आदि शामिल हैं। घने साल वृक्षों से घिरा 21 एकड़ से भी ज्यादा क्षेत्र में फैला 82 कमरों वाला यह सुरम्य केंद्र यहां आने वालों को 50 से भी ज्यादा किस्म की चिकित्सा प्रदान करता है। यह भव्य रिसोर्ट पृथ्वी के अवयवों और रंगों से निर्मित किया गया है। लंबे लहराते वृक्ष, पत्थरों से सजे रास्ते, मिट्टी से बनी दीवारें और बांस के झुरमुट यहां के करामाती परिवेश में शामिल कुछ निर्मल तत्व हैं। प्रकृति की लय और संरचना से तालमेल बनाए रखने के लिए इस केंद्र ने कई सचेत प्रयास किए हैं। संगीत, रचनात्मक गतिविधियां, भोजन और यहां तक कि पर्व-त्योहार तक प्रकृति के चक्र और लय के मुताबिक निर्धारित हैं। ‘वन फाउंडेशन’ का यह मानना है कि संगीत जीवन का एक अभिन्न हिस्सा है और इसीलिए यहां रोजाना संगीतमय प्रार्थनाएं आयोजित की जाती हैं। इस केंद्र में व्यक्तिगत और निजी स्तर पर चिकित्सा-सत्रों के अतिरिक्त अनिवार्य समूह-सत्र भी आयोजित किए जाते हैं। रोजाना की गतिविधियों में योग, ध्यान की कोई एक विधि, राग-चिकित्सा, संगीत आदि शामिल रहता है। अन्य गतिविधियों में पाक-कला, ट्रैकिंग, फिटनेस सत्र आदि होते हैं।

अन्य आकर्षण