पश्चिम बंगाल भारत के पूर्वी भाग में बंगाल की खाडी पर स्थित है। इसका कुल क्षेत्र 88,752 किमी है। यह राज्य उत्तर में सिक्किम और भूटान से, उत्तर पूर्व में असम से, पूर्व में बांग्लादेश से, दक्षिण में बंगाल की खाडी से और दक्षिण पश्चिम में उड़ीसा, पश्चिम में झारखंड और बिहार तथा उत्तर पूर्व में नेपाल से घिरा हुआ है।  पश्चिम बंगाल असंख्य प्राकृतिक संपदाओं के साथ ही भौगोलिक विविधताओं से भरा हुआ है और दार्जिलिंग की हिमालय पर्वत श्रंखला से लेकर दक्षिण में गंगा के मैदानी भाग तक फैला हुआ है। तटीय इलाकों में शांत समुद्र तटों से विश्व के सबसे बडे डेल्टा तक जिसे मैनग्रोव से भरे गंगा के चौड़े मुहाने पर सुंदरबन में दुनिया में विलुप्त होती जा रही प्रजाति रॉयल बंगाल टाइगर्स का प्राकृतिक निवास माना जाता है, समृद्ध हरे-भरे भूभागों से लेकर प्रचुर एतिहासिक घटनाक्रमों तक जिनकी शुरूआत अति प्राचीन और शास्त्रीय कालखंड से होती है, मध्यकाल से लेकर आधुनिक काल तक और औपनिवेषिक काल से स्वाधीनता और उसके बाद तक हर कहीं इसकी अपनी असाधारण विशिष्टता परिलक्षित होती है।  यह क्षेत्र असीम, अप्रतिरोध्य सुविधाओं से समृद्ध रहा है जिसमें इतिहास, पारंपरिक स्थापत्यकला, फाइन आर्ट और   शिल्पकला, जीवंत लोकोत्सव, संगीत-रंगमंच-नाटक, पारंपरिक उत्सव, स्वादिष्ट व्यंजन और जातीय विषेषताएं शामिल हैं जो इस विविधतापूर्ण भूमि को एक तरह के जादू से भर देती हैं। अति प्राचीन काल से यहां महान कृतित्व गीत, कविता, कला और कहानियों की शक्ल में जन्म लेते रहे हैं। यह प्रदेश महान संतों, उपदेषकों, कवियों, विचारकों, स्वाधीनता संग्राम सेनानियों, गायकों, खिलाडियों, फिल्म निर्माताओं, वैज्ञानिकों और  शिक्षाविदों की अद्भुत दृष्टि का साक्षी रहा है और यह पूर्व औपनिवेषिक काल से सांस्कृतिक और बौद्धिक गढ के रूप में देश के मुकुट के समान रहा है। पश्चिम बंगाल भारत का सर्वाधिक जनसंख्यावाला चौथा राज्य है और यह धार्मिक विविधताओं से भी परिपूर्ण है।  पश्चिम बंगाल सूत और सिल्क की कई हाथकरघा किस्मों का उत्पादन करता है जो यहां की ग्रामीण आबादी के जीवनयापन का सबसे प्रमुख साधन हैं। दुर्गा पूजा यहां का सबसे बडा, सबसे व्यापक और सबसे लोकप्रिय पर्व है। हिंदुओं के इस सप्तरंगी त्यौहार में पांच दिन के लिए यह राज्य उनके असाधारण उत्साह, उमंग और श्रद्धा का साक्षी बन जाता है। और हां, आखिर में यह भी कि क्रिकेट और फुटबॉल  इस राज्य के लोकप्रिय खेल हैं।