कला, संस्कृति, भोजन, आनंदोत्सवों और त्योहारों का एक जीवंत मिश्रण  कोच्चि, केरल में एक भव्य नदीमुख के साथ फैला हुआ, एक आकर्षक पर्यटन स्थल है। हरा-नीला अरब सागर सूरज की सुनहरी किरणों से दिप-दिप करता, इसकी धरती पर लहराता और यह शहर अपने कलात्मक सौंदर्य के साथ अपने वास्तविक औपनिवेशिक आकर्षण को अपने में समेटे, पुराने समय को अभी भी जी रहा है। फोर्ट कोच्चि के चारों ओर बसा, जो शहर का सांस्कृतिक केंद्र है, कोच्चि पूरे साल एक उत्सव के माहौल में लिप्त रहता है। यह चार महीने लंबे कोच्चि बिन्नाले के दौरान, जो भारत की सबसे बड़ी कला प्रदर्शनी है, कला की एक जादुई दुनिया में बदल जाता है, जहां जीवंत रंग, मनमोहक छवियां और शानदार नमूने हर मोड़ पर आपका स्वागत करते हैं। लुभावनी नाव की सवारी, आध्यात्मिक ओणम, भव्य शिवरात्रि समारोह और भव्य कोचीन कार्निवल, दूर-दूर से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।

ऐतिहासिक रूप से मालाबार तट पर स्थित कोच्चि, ने बाकी दुनिया से भारत को जोड़ा हुआ है। यहीं पर पुर्तगाली खोजकर्ता वास्को दा गामा यूरोपीय उपनिवेशवादियों के लिए मार्ग प्रशस्त करते हुए पहुंचे। यह शहर अपनी विरासत में गहरे तक डूबा हुआ है, जो विभिन्न पुर्तगाली, डच और ब्रिटिश किलों, महलों और बंगलों में परिलक्षित होती है।

कोच्चि विविध संस्कृतियों का एक उदार मिश्रण है, जहां आप हर चीज़ थोड़ी-थोड़ी देख सकते हैं। ज्यू टाउन की संकरी गलियों की ओर जाएंगे तो आप खुद ही शहर की आपाधापी को देख पाएंगे और धीरे धीरे यहूदी संस्कृति से आपको प्यार हो जाएगा। वहां मिलने वाली दुर्लभ प्राचीन वस्तुओं और उत्तम हस्तशिल्प को आप खरीदे बिना नहीं रह पाएंगे। आसपास के हलचल भरे बाजार को देखते हुए, आप पारंपरिक व्यंजनों के बारे में जानकारी हासिल करते हुए कलात्मक कैफों में रिलैक्स कर सकते हैं।

कोच्चि की आत्मा का सच्चा प्रतिबिंब इसके स्वादिष्ट मालाबार व्यंजन हैं। लार टपकाने को मजबूर करते यहां के परतदार और स्वादिष्ट मालाबार परांठे के स्वाद में डूबें या खुद को मालाबार झींगा करी के कटोरे में डूब जाने दें, कोच्चि का भोजन ऐसा है कि कभी मन भरता ही नहीं है। 

केरल की सुंदर सीमाओं से घिरे, कोच्चि की पृष्ठभूमि स्वर्गीय अनुभूति कराती है। यहां आना पर्यटकों के लिए एक सुखद यात्रा से कम नहीं है। अलप्पुझा में शांत वेम्बनाड झील के किनारे क्रूज करें या सूर्यास्त में नौका विहार करें और भ्रमण करते-करते, शहर के दक्षिणी किनारे की प्रशंसा किए बिना आप नहीं रह पाएंगे। आप सुंदर विलिंगडन और वेपेनेन द्वीपों पर भी ठहर सकते हैं, जो शहर के पुलों और घाटों से जुड़े हुए हैं।