पोरबन्दर के बिलकुल करीब स्थित भारत मंदिर में पर्यटकों को भारतीय विरासत का खजाना देखने को मिलता है। प्रसिद्ध नेहरू तारामंडल के ठीक विपरीत दिशा में एक खूबसूरत बगीचे में यह मंदिर बनया गया है। दो मंजिला इस मंदिर में फर्श पर सफेद संगमरमर से भारत के नक्शे को तराशा गया है, जिसे देख पर्यटक आश्चर्यचकित से हो जाते हैं। यही नहीं यहां भारत के पारंपरिक रीति-रिवाजों तथा पौराणिक नायकों को बेहद खूबसूरती से प्रतिमाओं तथा कलाकृतियों के रूप में उकेरा गया है। पूरे मंदिर में क्रमवार ढंग से पीले रंग से रंगे हुए खंबे लगे हैं, जिनमें से प्रत्येक पर विभिन्न पौराणिक चरित्रों और आध्यात्मिक संतों की मूर्तियों को चारों ओर से उकेरा गया है। मंदिर के ऊपरी हिस्से की दीवारों को भारत के विभिन्न ऐतिहासिक क्षेत्रों के खूबसूरत चित्रों से सजाया गया है। यहां लगे हुए सभी खंबों में सबसे ज्यादा आकर्षित वह खंबा करता है, जिस पर महात्मा गांधी और भगवान राम की छवियां उकेरी गयी हैं। इसके अलावा यहां स्कूली बच्चों को चाचा नेहरू को गुलाब का फूल भेंट करते हुए भी चित्रित किया गया है। मंदिर की दीवारों पर प्रसिद्ध दोहे, कहावतें और सूक्तियां भी लिखी गयी हैं, जो यहां आने वाले पर्यटकों को आर्दश जीवन के लिए प्रेरित करती हैं। इसके अलावा बच्चों को आकर्षित करने के लिए मंदिर के एक हिस्से में ऐसे अद्भुत शीशे लगाए गये हैं, जिनमें देखने पर अजीबो गरीब शक्ल नजर आती है। 

अन्य आकर्षण