हैवलॉक द्वीप साफ.सुथरे समुद्री तटों, स्वच्छ नीले जल, हरे भरे जंगलों, कोरल रीफ और विविध जलीय जीवन से मिलकर बना एक ऐसा स्वर्ग है, जो आज भी ज्यों का त्यों बना हुआ है। अंडमान में 113 वर्ग किमी के क्षेत्रफल में फैला हैवलॉक द्वीप में सबसे अधिक आबादी बसी है। यह पोर्ट ब्लेयर से 39 किमी दूर उत्तर-पूर्व में स्थित है। इस लोकप्रिय पर्यटन स्थल में तीन प्रमुख समुद्र तट हैं-राधा नगर बीच, विजयनगर बीच और एलीफेंट बीच।

 

दक्षिणी तट पर स्थित राधानगर बीच की लंबाई लगभग 32 कि.मी. है। यह बीच अपनी सफेद बारीक रेत के लिए जाना जाता है। यह तट इतना सुंदर और साफ है कि इस पर चलते हुए जब समुद्र का पानी आपके पैरों को छूएगा, तो आपका मन और शरीर दोनों एक अद्भुत शांति का अनुभव करेंगे। इसे टाइम पत्रिका ने एशिया के सबसे अच्छे समुद्र तटों में से एक माना है।

पूर्वी तट पर स्थित विजयनगर बीच, महुआ के पेड़ों से भरा एक साफ-सुथरा समुद्री तट है। इन पेड़ों के तने ज़मीन से कई फुट ऊपर आपस में उलझे रहते हैं। यह बीच तैराकी और समुद्री जीवन को देखने का एक उपयुक्त स्थान है। आप यहां कायकिंग, बर्ड वॉचिंग, ट्रेकिंग और अन्य गतिविधियों का लुत्फ उठा सकते हैं।

एलीफेंट बीच स्नोर्कलिंग (श्वास नली लगा कर गोता लगाना) के लिए एकदम उपयुक्त है। इसका कारण है समुद्र का उथला पानी जो कोरल रीफ को सतह के बहुत करीब ले आता है।

हैवलॉक जेट्टी से लगभग 12 किमी दूर स्थित काला पत्थर बीच कम भीड़-भाड़ वाली जगह है। यह उन लोगों के लिए एकदम उपयुक्त है, जो आराम फरमाते हुए सूर्य को डूबते देखना चाहते हैं। इस समुद्र तट पर मौजूद सभी चट्टानें काले रंग की हैं। यहां पर मौजूद सभी समुद्र तटों तक सड़क या समुद्री मार्ग से पहुंचा जा सकता है।

अन्य आकर्षण