मिरामर बीच

पणजी से लगभग 3 किमी दूर स्थित यह शानदार शहरी तट, अरब सागर में मिलती हुई मांडवी नदी के मुहाने के पास स्थित है। यह राज्य के सर्वाधिक लोकप्रिय तटों में से एक है। यहां पर्यटक और स्थानीय लोग प्रतिदिन, इसके रेतीले तटों पर मस्ती करने आते हैं। यहां नदी के पार अगुवाड़ा की खाड़ी का सुंदर दृश्य है और इसके साथ-साथ यहां जीटीडीसी (GTDC) द्वारा संचालित मिरामर रेज़िडेन्सी सहित कई होटल भी हैं।

मिरामर बीच

कोलवा बीच

दक्षिण गोवा में स्थित, प्राचीन श्वेत रेत और झूमते हुए नारियल के वृक्षों से घिरा हुआ कोलवा तट, राज्य के सर्वाधिक लोकप्रिय समुद्री तटों में से एक है। यहां पर्यटकों के लिए कॉटेज, वातानुकूलित रिसॉर्ट परिसर, रेस्तरां और गेस्ट हाउस सहित कई आधुनिक सुविधाएं हैं। पास ही 'आवर लेडी ऑफ मर्सी' का चर्च भी है, जो मेनिनो जीसस की प्रतिमा के लिए प्रसिद्ध है।

 कोलवा बीच

पलोलेम बीच

यह तट कोंकण रेलवे मार्ग पर स्थित है। कैनाकोना रेलवे स्टेशन से यह केवल 3 किमी दूर स्थित है। पलोलेम बीच सफेद रेत वाला समुद्री तट है, जो कुछ कुछ एक नीली खाड़ी जैसा दिखाई देता है। स्वादिष्ट समुद्री भोजन, स्मृति चिन्ह और परिधान बेचने वाले बहुत से लोग यहां देखे जा सकते हैं। वहीं तलपोना नदी के मुहाने तक फैला, पास का राजबाग बीच भी आपको चैन और शांति का अहसास देगा।

पलोलेम बीच

कालंगुट बीच

स्थानीय लोगों द्वारा 'समुद्री तटों की रानी' कहा जाने वाला कालंगुट बीच, गोवा के सबसे लोकप्रिय समुद्र तटों में से एक है। इस तट पर पूरे साल भर भारी भीड़ लगी रहती है। कालंगुट गांव में यात्रियों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं, जैसे बैंक, विदेशी मुद्रा कार्यालय, इंटरनेट कैफे, होटल और रिसॉर्ट, भोजनालय और अस्पताल आदि।

कालंगुट बीच

वागाटर बीच

यह गोवा में फोटोग्राफी के लिए सबसे अधिक विख्यात समुद्र तटों में से एक है। वागाटर तट का आकार अर्धचन्द्र के समान है, जिसका दृश्य किसी स्वर्ग से कम नहीं लगता। यह तट चपोरा नदी के किनारे कैसुआ खाड़ी में स्थित है। यह बीच टूरिस्ट सीज़न के पीक में समुद्र के किनारे, पार्टियों के लिए यह एक बेहतरीन स्थल है। यहां से पहाड़ी के ऊपर स्थित चपोरा किले को भी देखा जा सकता है।

वागाटर बीच

सिंक्वेरिम बीच

17वीं शताब्दी का भव्य किला जिसे अब जेल में परिवर्तित कर दिया गया है, गोवा में जलक्रीडा प्रेमियों के लिए सर्वश्रेष्ठ समुद्र तटों में से एक है। पणजी से लगभग 13 किमी दूर स्थित, इस स्थान पर वाटर-स्कीइंग, स्कूबा डाइविंग, पैरासेलिंग और विन्ड -सर्फिंग जैसी गतिविधियों के लिए बहुत अच्छी सुविधाएं हैं। समुद्र के किनारे टहलने के लिए यह बीच बहुत अनुकूल है और इस बीच का विस्तार बागा बीच तक है।

 सिंक्वेरिम बीच

अंजुना बीच

अंजुना बीच लहराते ताड़ के वृक्षों, सुनहरी रेत और सफेद रेत पर बिछी विचित्र चट्टानों के लिए प्रसिद्ध है। यह समुद्र तट पणजी से लगभग 18 किमी की दूरी पर है। हर बुधवार को साप्ताहिक लगने वाली यहां पुरानी वस्तुओं को बेचने का बाजार (कबाड़ी मार्केट), बड़ी संख्या में सैलानियों को आकर्षित करता है। पर्यटक इस मार्केट से अनेक प्रकार के परिधान, फुटवियर, आभूषण, स्मृति चिन्ह, दिखावटी गहने और बहुत कुछ खरीद सकते हैं। इस बीच पर रूकने के लिए कई प्रसिद्द कुटियां हैं। इसके अतिरिक्त यहां कुछ युवा छात्रावास भी हैं।

अंजुना बीच

बागा बीच

बागा बीच, गोवा के पश्चिमी तट पर फैले, 30 किलोमीटर लंबे तटवर्ती इलाकों का एक हिस्सा है। यह अगौड़ा फोर्ट से शुरू होकर चापोरा बीच तक फैला हुआ है। यह बेहद हलचल वाला एक व्यस्त समुद्री तट है। इसके किनारों पर विक्रेताओं, तटीय कुटियां, रेस्तरां और एडवेन्चर स्पोर्ट की पेशकश करने वालों का तांता लगा रहता है। यह बीच वाटर स्पोर्ट और फिशिंग के लिए, अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के बीच बहुत लोकप्रिय है।

बागा बीच

अरम्बोल बीच

अरम्बोल बीच बेहद ही सुंदर और शांत समुद्री तट है। अरम्बोल बीच को 'हरमल बीच' भी कहा जाता है। यह बीच अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय है। यहां आपको अनेक ताई ची (चीनी मार्शल आर्ट), ध्यान और योग के केंद्र मिलेंगे। यहां कई ऐसे स्टाल मौजूद हैं जहां आप मेहंदी लगवा सकते हैं। शाम के वक्त यहां डूबते सूर्य को देखना बहुत मनोरम दृश्य होता है। यहां पर मौजूद काली चट्टानें, प्राचीन रेत तथा अनेक रंगों से भरे आकाश की खूबसूरती बेजोड़ है। तट से थोड़ी दूरी पर पीली मिट्टी का एक तालाब है। माना जाता है कि इस तालाब में चिकित्सीय औषधीय गुण मौजूद हैं।

अरम्बोल बीच

बेनौलिम बीच

यह बीच दक्षिणी कोलवा से लगभग 2 किमी की दूरी पर है। बेनौलिम बीच गोवा के स्थिर और शांत समुद्री तटों में से एक है। यह राज्य के उन स्थानों में से एक है, जहां आप स्थानीय हस्तशिल्प की झलक देख सकते हैं। पौराणिक रूप से यह माना जाता है कि यह वह स्थान है जहां भगवान परशुराम का तीर जमीन पर गिरा था, जिसके फलस्वरूप गोवा का निर्माण हुआ। 'सेंट जॉन द बैपटिस्ट' का चर्च यहां की यात्रा के लायक है। मानसून के दौरान यहां 'सेंट जॉन द बैपटिस्ट' नामक फेस्टिवल बहुत धूमधाम से मनाया जाता है।

बेनौलिम बीच