देश के कुछ गिने-चुने बहु-उद्देशीय संग्रहालयों में से एक असम स्टेट म्यूजियम शहर के बीचों बीच स्थित है, जो सैलानियों के लिए इस क्षेत्र के इतिहास और संस्कृति को समझने और बेहद करीब से जानने का एक बेहतरीन माध्यम हो सकता है। यहां शाही पोशाकों से लेकर हथियार, पेंटिंग्स, मूर्तियां, पत्थर और तांबे पर उकेरे गये शिलालेख तथा काष्ठ-कला के नायाब नमूने देखने को मिलते हैं। सन 1940 में निर्मित इस संग्रहालय में द्वितीय विश्व युद्ध से जुड़ी कुछ चीजें भी प्रदर्शित की गयी हैं। पूरा संग्रहालय कई भागों जैसे मूर्तिकला, प्रकृति और इतिहास, लोक कला तथा शिल्प और पुरालेख में विभाजित किया गया है। यहां प्रदर्शित वस्तुओं में बांस से बनी चीजें, सिक्के, वाद्य-यंत्र तथा हाथी दांत से बनी चित्रकारी काफी दिलचस्प लगती हैं। यहां स्थित पुस्तकालय पढ़ने के शौकीन लोगों को खासा आकर्षित करता है, क्योंकि इसमें सभ्यता और संस्कृति, कला, पौराणिक एवं समकालीन तथा महान लोगों की जीवनियों से संबंधित अनेकों पुस्तकों का विशाल भंडार है। 

अन्य आकर्षण