म्यूजिकल फाउंटेन

नेहरू तारामंडल के ठीक सामने स्थित शहर के प्रसिद्ध इंदिरा गांधी म्यूजिकल पार्क जाएं, यहां शानदार संगीतमय फाउंटेन शो होता है। वहां मोहक साउंड और लाइट शो में फव्वारे चलते हैं जो देशभक्ति और बॉलीवुड के अन्य गीतों की धुनों पर नाचते नज़र आते हैं। शो का मुख्य आकर्षण वंदे मातरम और सारे जहां से अच्छा संगीत है, जो म्यूजिकल फाउंटेन शो के शुरुआत और अंत में बजाए जाते हैं। शो संगीत और प्रौद्योगिकी का एक सहज सम्मिलन है। फव्वारे के संगीतमय प्रवाह को इस तरह से संचालित किया जाता है कि कोई भी संगीत की ताल न छूटे और पानी की धारा के साथ लय से लय मिलती रहे। रंगीन पैटर्न जैसे कि इंद्रधनुष के रंग की धुंध और एक लहराती मोर की पूंछ, रंगीन रोशनी का उपयोग करके बनाई जाती हैं। यहां एक प्रोजेक्टर की मदद से संगीत और गाने से संबंधित छवियों को प्रदर्शित किया जाता है। लगभग आधे घंटे के दो शो, प्रतिदिन शाम 7 से 8.30 बजे के बीच आयोजित किए जाते हैं।

म्यूजिकल फाउंटेन

नंदी हिल्स में पैराग्लाइडिंग

नंदी हिल्स का मनमोहक परिदृश्य पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधियों के लिए उपयुक्त है। पैराग्लाइडिंग के लिए देश के प्रमुख स्थानों में से एक, नंदी हिल्स उत्साही लोगों को समुद्र तल से 4,581 फीट की ऊंचाई पर स्वतंत्र रूप से उड़ान भरने का मौका प्रदान करती है। नंदी हिल्स पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षकों और पेशेवर पैराग्लाइडर पायलटों की पसंदीदा जगह है क्योंकि इसे पैराग्लाइडिंग के लिए एक आदर्श स्थल माना जाता है। पर्यटकों को रोमांचकारी अनुभव का आनंद लेने से पहले उचित प्रशिक्षण लेना होता है। नंदी हिल्स में पेश किए गए विभिन्न पाठ्यक्रमों में दो से तीन दिन के पाठ्यक्रम या सप्ताह भर के पाठ्यक्रम हैं। प्रशिक्षण सत्रों के दौरान, किसी को पैराग्लाइडिंग के विभिन्न पहलुओं जैसे कि फारवर्ड लॉन्च तकनीक और एयरस्पीड मेंटिनेंस के बारे में जानने को मिलता है।

नंदी हिल्स में पैराग्लाइडिंग

संकी टैंक

संकी टैंक बेंगलुरु की प्रमुख कृत्रिम झीलों में से एक है। आप यहां मज़े से नौका विहार और पैदल सैर सपाटा कर सकते हैं। शहर के पश्चिमी भाग में स्थित, यह झील 37 एकड़ में फैली हुई है और इसकी चौड़ाई लगभग 800 मीटर है। शहर की जल आपूर्ति की मांगो को पूरा करने के लिए वर्ष 1882 में इस झील का निर्माण किया गया था। एक बड़े सुरम्य उद्यान से घिरी यह झील पर्यटकों और शहरवासियों दोनों के लिए पिकनिक स्पॉट है। संकी टैंक का दृश्य आमतौर पर सर्दियां में खूबसूरत होता है, जब दुनिया के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी यहां पहुंचते हैं। पर्यटक झील के आस पास इत्मीनान से टहल सकते हैं या झील के आस पास बनी रंगीन बेंचों पर बैठकर इस खूबसूरत वातावरण का मज़ा ले सकते हैं। वे झील के शांत जल में नाव की सवारी भी कर सकते हैं। झील पर मयूरा संकी बोट क्लब का प्रबंधन कर्नाटक राज्य पर्यटक विकास निगम द्वारा किया जाता है। यहां विभिन्न प्रकार की नाव की सवारी उपलब्ध है, जैसे पैडल बोट, रो बोट और मोटर बोट।

संकी टैंक

खरीददारी

विश्व प्रसिद्ध मैसूर सिल्क की साड़ियों से लेकर चंदन की लकड़ी से बनी स्मृति चिन्ह तक, बेंगलुरु में सड़कों और स्थानीय बाजारों के स्टालों से लेकर मॉल तक आप को चुनने के लिए कई विकल्प हैं। शहर की सबसे शानदार शिल्प कृतियों में से एक, मैसूर की साड़ियां अवश्य खरीदनी चाहिए। चमकीले और आकर्षक रंगों पर अति सूक्ष्म काम वाली यह साड़ियां विशिष्ट संस्कृति के फैशन का भी ध्यान रखती हैं। इसे पूरे देश की महिलाओं द्वारा बहुत पसंद किया जाता है। यह विशेष रूप से शादियों और त्यौहारों पर पहनी जाती है। यह बढ़िया गुणवत्ता वाले रेशम और बारीक सोने की जरी के लिए प्रसिद्ध है, जो किसी भी कपड़े को सुंदर बनावट और चमक देता है। इसका कपड़ा इतना शानदार होता है कि अगर इसे संभाल कर रखा जाए तो सालों बाद भी इसकी गुणवत्ता बनी रहती है।मैसूर की साड़ियां लाल, हरे, नारंगी रंग की मिलती-जुलती डिजाइन में आती हैं। इसे सुनहरे बार्डर से सजाया जाता है। इन साड़ियों पर आप जो आकर्षक रूपांकनों को देखते हैं, उनमें से कुछ पुष्प बॉर्डर और आम बूटी कहलाते हैं। एक मैसूर साड़ी आपको 3,000 रुपये से 2,00,000 के बीच में मिल जाएगी।रेशम की साड़ियों की खरीदारी के लिए बेंगलुरु के हलचल भरे पुराने चीकपेट बाजार जाएं।चंदन से बनने वाली कलाकृतियाें में कागज-कटर, ट्रे, बक्से, पंखे, चलने की छड़ी और देवताओं की मूर्तियों बनाई जाती हैं। अन्य लोकप्रिय वस्तुओं में सिगरेट केस, होल्डर और फोटो फ्रेम शामिल है। इनमें से सबसे प्रसिद्ध हाथी का आकृति है। इन अति सुंदर कलाकृतियों को बेंगलुरु के किसी भी हैंडीक्राफ्ट स्टोर से खरीदा जा सकता है।

खरीददारी

टीपू ड्राप

बेंगलुरु से नंदी हिल्स का भ्रमण अधूरा रह जाएगा यदि आप शहर के सबसे ऐतिहासिक स्थानों में से एक लोकप्रिय टीपू ड्रॉप नहीं देखेगें। 600 मीटर की ऊंचाई पर एक पहाड़ी के ऊपर स्थित, यह वह जगह है जहां से टीपू सुल्तान (1750-1799) के शासनकाल में कैदियों को उनके बुरे कार्यों के लिए दंड देने के लिए यहां रखा जाता था। इस स्थल से आस पास की पर्वत श्रृंखलाओं का शानदार दृश्य दिखता है। पर्यटक यहां से योग नंदीश्वर मंदिर भी जा सकते हैं, जो पास में ही स्थित है। इसे चोल काल में बनाया गया था। खूबसूरत पहाड़ियों से घिरा, यह स्थल व्यस्त शहर के जीवन से दूर प्रकृति की बाहों में समय बिताने के लिए मुफीद जगह है। अपने कैमरे को ले जाना न भूलें क्योंकि यहां आपको कुछ शानदार चित्र जरूर मिलेंगे।

टीपू ड्राप

वेंकटप्पा आर्ट गैलरी

बेंगलुरु में कर्नाटक सरकार का संग्रहालय एक लाल रंग की भव्य ब्रिटिश काल की इमारत है, जो वेंकटप्पा आर्ट गैलरी के रूप में भी कार्य करती है। कला प्रेमियों के लिए यह एक शानदार गैलरी है। जिसके दो मंजिलों में 600 से अधिक चित्र हैं, जिनमें एम एफ हुसैन और यूसुफ अरकल सहित प्रख्यात कलाकार की कलाकृतियां हैं। गैलरी में प्रदर्शित कलाकृतियां 2000 ईसा पूर्व से लेकर मध्यकाल तक की हैं। गैलरी का नाम महान चित्रकार वेंकटप्पा के नाम पर रखा गया है और उनकी कलाकृतियों को प्रदर्शित करने के लिए निचली मंज़िल का उपयोग किया गया है। यह गैलरी 12 वीं शताब्दी ईस्वी तक की कुछ दुर्लभ पत्थर की मूर्तियों के लिए भी प्रसिद्ध है। इनमें मध्य प्रदेश के खजुराहो की भी मूर्तियां हैं। गैलरी का एक अलग खंड उत्खनन के लिए समर्पित है। यहां एक शस्त्रागार गैलरी भी है जो मध्यकालीन हथियारों जैसे तलवार, खंजर, भाला और गोलियाें को प्रदर्शित करती है। गैलरी शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक, एमजी रोड के करीब स्थित है।

वेंकटप्पा आर्ट गैलरी

रामनगर में रॉक क्लाइंबिंग

पथरीले इलाके की वजह से बेंगलुरु के पास रामनगर, रॉक क्लाइम्बिंग जैसी साहसिक गतिविधियों के लिए एकदम सही जगह है। यह छोटा कस्बा विशाल ग्रेनाइट चट्टानों से भरा हुआ है, जो भारत में अधिकांश पर्वतारोहियों की मुख्य पसंद है। राम नगर की पहचान एक अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइम्बिंग साइट के रूप में की गई है। यह देश के सभी हिस्सों से उत्साही लोगों को आकर्षित करती है। चारों ओर पहाड़ियों से घिरा खूबसूरत परिदृश्य वाले रामनगर को आमतौर पर मध्यम श्रेणी के रॉक क्लाइम्बिंग ग्रेडिंग स्केल से लेकर कठिन ग्रेड में वर्गीकृत किया जाता है। रॉक क्लाइंबिंग के लिए रामनगर जाने का सबसे अच्छा समय सर्दियों का मौसम है। रामनगर में रॉक क्लाइंबिंग में शामिल होने के इच्छुक पर्यटकों को रामनगर स्थित क्षेत्रीय वन कार्यालय से पूर्व अनुमति लेनी होती है।

रामनगर में रॉक क्लाइंबिंग

जनपद लोककला संग्रहालय

बेंगलुरु-मैसूर राजमार्ग पर स्थित यह संग्रहालय 5,000 से अधिक लोक वस्तुओं और कलाकृतियों के लिए प्रसिद्ध है, जिसमें संगीत वाद्ययंत्र, पारंपरिक वेशभूषा, मंदिर के रथ, कठपुतलियां और पारंपरिक गांव की प्रतिकृति शामिल है। संग्रहालय का निर्माण स्थानीय ग्रामीण संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से किया गया था और यह भारत के सभी हिस्सों से पर्यटकों को आकर्षित करता है। संग्रहालय के प्रवेश द्वार को देवताओं के सूक्ष्म नक्काशीदार चित्रों से सजाया गया है और इसके दोनों ओर पीतल की तुरही लगी हुई है। संग्रहालय में प्रवेश करने पर, आपको सूचना केंद्र या लोक माता मंदिर दिखेगा, जहां रोज़मर्रा के उपयोग की चीजें जैसे कि खेती के उपकरण और खाना पकाने के बर्तन प्रदर्शित किए गए हैं। संग्रहालय के अन्य दो महत्वपूर्ण हिस्से हैं- डोड्डामेन, एक बड़ा घर है और चित्र कुटीर, एक दो-मंजिला इमारत है। यह इस जगह के संस्थापकों की सभी उपलब्धियों को प्रदर्शित करता है।

जनपद लोककला संग्रहालय