बेलगाम से 50 किमी दूर स्थित कित्तूर कर्नाटक का एक लोकप्रिय पर्यटक केन्द्र है। यह छोटा सा शहर अपने भव्य महलों, स्मारकों और मूर्तियों की ओर बड़ी तादाद में पर्यटकों को आकर्षित करता है, और ऐतिहासिक कित्तूर किला भी यहीं है जो यहाँ का मुख्य आकर्षण है। कित्तूर चेनम्मा किले के नाम से मशहूर यह किला काफी ऐतिहासिक महत्व रखता है। इस किले में कभी भारत के पहले स्वतंत्रता संग्राम में अद्भुत शौर्य का प्रदर्शन करने वाली बहादुर शासक रानी चेन्नम्मा ने निवास किया था। 

इस किले में भव्य कित्तूर महल स्थित है, जो पेशवा-इस्लामी शैली की वास्तुकला का एक सुंदर नमूना है और आगंतुकों को अपनी भव्यता से मंत्रमुग्ध कर देता है। 

पर्यटक इस महल और उसके विभिन्न हिस्सों जैसे चर्चा कक्ष, अतिथि कक्ष, विश्राम कक्ष, प्रार्थना कक्ष, स्टोर रूम, स्नान कक्ष और रसोईघर का अवलोकन कर सकते हैं। इसके बाद पर्यटक प्राचीन अवशेषों से सुसज्जित किले के पुरातत्व संग्रहालय की ओर बढ़ सकते हैं। इस संग्रहालय में प्राचीन हथियारों, पत्थर की मूर्तियों, चित्रों, देवी-देवताओं की मूर्तियों और अन्य अनमोल प्राचीन वस्तुओं का एक व्यापक संग्रह प्रदर्शित किया जाता है। संग्रहालय के बाहर खुली जगह में भी कुछ तोपों और पत्थर की मूर्तियों को प्रदर्शन के लिए रखा गया है।

अन्य आकर्षण