यदि आप सेहतमंद खान-पान के शौकीन हैं, तो लाल बाजार आप ही के लिए है। क्योंकि यहां से आप ताजे फल, आर्गेनिक सब्जियां खरीद सकते हैं। इस बाजार में अलग-अलग किस्म का पनीर भी मिलता है, जिसमें याक के दूध से बना अल्पाइन चीज और छुरपी (विशेष किस्म का पनीर) शामिल है। इसके अलावा सैलानी यहां से मिट्टी के बर्तन, प्रार्थना की झंडिया, नेपाली चाकू तथा बांस और बेंत से बनी टोकरियां भी खरीद सकते हैं। यह कुछ इस तरह की वस्तुएं हैं, जिन्हें आप अपने संबंधियों के लिए उपहार के रूप में यहां से खरीद सकते हैं। आर्किड्स फूल, सिक्किम का प्रतीक चिन्ह माना जाता है और इस बाजार में आर्किड की विभन्न किस्मे मिलती हैं। वैसे सर्दियों के मौसम में यहां आर्किड की सबसे ज्यादा किस्में देखने को मिलती हैं। अगर आप रविवार के दिन इस बाजार में आएंगे तो यहां का नजारा अन्य दिनों के मुकाबले बिलकुल बदला हुआ दिकाई देगा। क्योंकि रविवार को दूर-दराज से लोग यहां आते हैं। तब यह बाजार ऐसा लगता है मानो गंगटोक में तिब्बती संस्कृति की कोई प्रदर्शनी लगी हुई है। लाल बाजार की स्थापना सन 1956 में हुई थी और वर्तमान में इसे कंचनजंगा शापिंग काम्पलेक्स के नाम से जाना जाता है।