खानवेल प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। मनोरम शहर खानवेल, हरी पहाड़ियों, बहती धाराओं और समृद्ध जैव विविधताओं से भरा हुआ है। सकरतोड़ नदी के तट पर स्थित, खानवेल का मनोरम दृश्य आपकी थकान मिटा देगा और प्रकृति की गोद में फिर से जीवंत हो उठने का सुखद अनुभव कराएगा। सिलवासा से खानवेल तक ड्राइव करना वास्तव में एक आनंदमय अनुभव है। यहां के ऊंचे पेड़ और अनूठे आदिवासी गांव, इसकी सुन्दरता में चार चांद लगा देते हैं। प्राचीन सकरतोड़ नदी की यात्रा, अपने आप में एक खूबसूरत अनुभव है। इसका नीला और निर्मल पानी आपको तरोताजा कर देगा। नदी को घेरे घने जंगलों को भी अपनी यात्रा का हिस्सा ज़रूर बनाएं। यहां मौजूद लोमड़ी, चमगादड़, बारबेट और फ्लाईकैचर समेत कुछ दुर्लभ जीव प्रजातियों को आप देख सकेंगे। पर्यटक, हिरण पार्क, कैक्टस हाउस और ग्रीनहाउस देखने के लिए 'वन विहार टूरिस्ट कॉम्पलैक्स' भी जा सकते हैं। आप वन विहार में होने वाली कई मनोरंजक गतिविधियों में भी भाग ले सकते हैं और अवकाश के कुछ अच्छे पलों का आनंद उठा सकते हैं। सिलवासा से 20 किमी दक्षिण में स्थित खानवेल मानसून के मौसम में अपनी चरम सुंदरता पर होता है। जहां पर्यटक इस समय का सबसे ज्यादा आनंद उठा सकते हैं।

अन्य आकर्षण