मन्नार की खाड़ी स्थित कुरुसदाई द्वीप प्रचुर मात्रा में पायी जाने वाली अपनी बेशकीमती समुद्र संपदा के लिए प्रसिद्ध है। यह खूबसूरत द्वीप रामनाथापुरम से स्पष्ट दिखाई देता है और समुद्र विज्ञानियों, शोधकर्ताओं तथा प्रकृति प्रेमियों के बीच खासा लोकप्रिय है। इस द्वीप पर आने से पहले पर्यटकों को मत्स्य विभाग से अनुमति लेना अनिवार्य है। यहां मौजूद समुद्री जीवों की अनेकों प्रजातियों को अच्छी तरह देखने और समझने के लिए किसी गाइड के साथ घूमना एक बेहतर विकल्प हो सकता है। क्योंकि इस द्वीप 10,500 वर्ग किमी. केदायरे में 3,600 से अधिक समुद्री जीव-जन्तु, 117 प्रवाल प्रजातियां, 13 मैंग्रोव प्रजातियां, 460 मोलस्का प्रजातियां और समुद्री घास की 12 प्रजातियां पायी जाती हैं। यहां आने वाले सैलानी आसानी से समुद्र में तैरती रेड स्टारफिश, सी अर्चिन्स, सी कुकुम्बर्स और अन्य अद्भुत समुद्री जीवों को देख सकते हैं। वैसे यहां सबसे ज्यादा मशहूर एकिनोडर्मस (एक प्रकार की स्टारफिश) है, जो यहां के समुद्र में बहुतायात में पायी जाती है। कुरुसदाई द्वीप पक्षियों में दिलचस्पी रखने वाले पर्यटकों के बीच भी विशेष रूप से लोकप्रिय है। क्योंकि यहां अदभुत और अनूठी प्रजातियों के ढेरों पक्षी देखने को मिलते हैं। 

अन्य आकर्षण