तमिलनाडु राज्य में स्थित पम्बन द्वीप की आकृति शंख के समान लगती है और यहीं बसी है आस्था स्थली रामेश्वरम। अपने आप में अनूठा और अद्भुत यह पावन स्थल समर्पित है भगवान शिव को और जाना जाता है यहां स्थित भव्य श्री रामनाथस्वामी मंदिर के लिए। प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में तीर्थयात्री यहां दर्शनों के लिए आते हैं। समुद्र के बीचो बीच स्थित यह स्थल करीब दो किमी. लंबे  पम्बन पुल द्वारा धरती से जुड़ता है। श्री रामनाथस्वामी मंदिर के अलावा यहां अन्य बहुत से धार्मिक दर्शनीय स्थल भी है, जो यहां आने वाले श्रद्धालुओं के भक्ति भाव को और अधिक बढ़ा देते हैं।

भारत के सबसे अधिक प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों में से एक रामेश्वरम का नाम भगवान श्रीराम के नाम पर पड़ा है। ऐसा माना जाता कि जब दुष्ट रावण देवी सीता का अपहरण करके भारत की मुख्य भूमि से दूर उन्हें श्रीलंका ले गया था, तो श्रीराम ने वहां तक पहुंचने के लिए इस समुद्र पर एक सेतु का निर्माण किया था। रामेश्वरम से थोड़ी ही दूरी पर स्थित है धनुषकोडि, जो अपने अदभुत प्राकृतिक सौंदर्य के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। एक ओर बंगाल की खाड़ी से घिरा तथा दूसरी ओर से हिन्द महासागर को छूता धनुषकोडि, पर्यटकों के आकर्षण का एक मुख्य केन्द्र है।