खूबसूरत दृश्यों वाला पेलिंग हिमालय की तराई में स्थित है। दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी चोटी, बर्फ से ढंकी कंचनजंगा (खंगचेंदज़ोंगा) पर स्थित पेलिंग, हरे-भरे जंगलों और झरनों से घिरा है। यहां के आकर्षक लकड़ी के घर बेहतरीन कारीगरी से बनाए गए हैं। यह पर्वतीय शहर खूबसूरत प्राकृतिक जंगलों से घिरा है। यहां के प्राकृतिक दृश्य स्वर्ग से कम नहीं लगते। 2,150 मीटर की ऊंचाई पर स्थित, पेलिंग कई ट्रैकिंग रूट्स के लिए बेस का काम करता है।

इस आरामदायक पर्यटन वाले शहर में कई प्रमुख बौद्ध मठ हैं। बौद्ध ग्रंथों के अनुसार, पेलिंग शब्द, प्राचीन तिब्बती ग्रंथों के खोजकर्ता पेमा लिंग द्वारा गठित धार्मिक संस्था को दर्शाता है। यहां का एक प्रमुख आकर्षण प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला खंगचेंद्ज़ोंगा उत्सव है, जिसमें रंगित (रेंजेट) नदी पर कयाकिंग, प्रमोशनल ट्रैकिंग, पारंपरिक खेलों, बर्डवॉचिंग और व्हाइट-वाटर राफ्टिंग जैसी गतिविधियां देखी जा सकती हैं। इस उत्सव में भांति-भांति के रंग-बिरंगे फूलों की एक प्रदर्शनी का आयोजन होता है। इस उत्सव में विभिन्न प्रकार के पहनावों, पारंपरिक भोजन और पारंपरिक शिल्प के भी कई स्टाल लगाये जाते हैं।