राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलिस्वरूप समर्पित भारत के पाँच गाँधी संग्रहालयों में से एक यहाँ का गाँधी संग्रहालय भी है। आपका ध्यान यहाँ 'इंडिया फ़ाइट्स फ़ॉर फ़्रीडम' शीर्षक से स्थापित व संचालित एक विशेष प्रदर्शनी की ओर अवश्य आकृष्ट होगा, जिसमें 265 चित्रणों के माध्यम से देश के स्वतंत्रता आंदोलन और विभिन्न विद्रोहों के इतिहास का अत्यधिक जीवंत निरूपण किया गया है। यहाँ गांधी जी की एक दृश्य जीवनी भी प्रस्तुत की जाती है, जिस में उनके चित्रों, मूर्तियों, पांडुलिपियों, उद्धरणों और उनके द्वारा लिखे गए पत्रों की चयनित प्रतियों को प्रदर्शित किया जाता है व उनके माध्यम से आप महात्मा के जीवन में गहरे उतर कर उनके अनछुए पहलुओं से परिचित होते हैं। इतना ही नहीं, यहाँ गांधी जी की जीवनयात्रा के विभिन्न पड़ावों की तस्वीरें भी प्रदर्शित की गई हैं, साथ ही उनके निजी संग्रह में शामिल नायाब कलाकृतियों की एक श्रृंखला भी यहाँ मौजूद है। आप विस्मय से घिर जाएँगे, जब यहाँ गांधीजी द्वारा एडॉल्फ हिटलर, देवकोट्टा के नारायणन सत्संगी और कवि सुब्रमण्यम भारती जैसे प्रमुख हस्तियों को लिखे गए पत्रों को स्वयं देखेंगे और गाँधी जी को और करीब से जानेंगे। विश्वास कीजिए, यह संग्रहालय उस विराट मनुष्य के जीवन के बारे में गहराई से जानने के लिए एक बेहतरीन जगह है, जिसने अकेले ही संपूर्ण मानव जाति के मन पर हमेशा के लिए एक अमिट छाप छोड़ दी।

अन्य आकर्षण