खरसती पार्क

शिलॉन्‍ग से लगभग 40 किमी दूर, खरसाटी पार्क को वर्ष 1998 में सार्वजनिक कर दिया गया था और तब से यह क्षेत्रीय वनस्पतियों और जीवों के संरक्षण का केंद्र रहा है। पार्क में लगभग 570 एकड़ का क्षेत्र शामिल है जिसमें बारहमासी धाराएं और ऊंची-नीची पहाड़ियां शामिल हैं। यह वन्यजीवों और कुछ स्थानिक प्रजातियों को देखने के लिए एक शानदार जगह है।

खरसती पार्क

थांगखारंग पार्क

यह उद्यान एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है जिसे राज्य वन विभाग द्वारा प्रबंधित और बनाये रखा जाता है। इस क्षेत्र के स्‍थानीय पौधों की प्रजातियों के साथ कई दुर्लभ और परदेशी ऑर्किड भी मिलते हैं। किसी भी साफ दिन, यहां से बांग्लादेश के खूबसूरत मैदानों को देखा जा सकता है। यह पार्क ऊंची चट्टानी चट्टानों पर स्थित है और यहां से किनरेम फॉल्स के शानदार नज़ारे देखने को मिल सकते हैं। पर्यटक थांगखारंग स्थित पक्षी अभयारण्य भी जा सकते हैं, जो बर्डवॉचर्स के बीच लोकप्रिय है।

थांगखारंग पार्क

लेडी हैदरी पार्क

वन विभाग द्वारा प्रबंधित, शिलॉन्‍ग में इस पार्क का नाम असम के पूर्व राज्यपालों में से एक की पत्नी लेडी हैदरी के नाम पर है। सजे-संवरे लॉनों के अलावा, पार्क में एक मिनी चिड़ियाघर, एक तितली संग्रहालय, एक हिरण पार्क और बच्‍चों के लिए एक अलग खेल मैदान जैसी सुविधाएं हैं। यहां के चिड़ियाघर में विभिन्न स्तनधारियों के अलावा पक्षियों की 73 से अधिक और सरीसृपों की 140 प्रजातियां भी हैं। जापानी शैली में संवरा, यह पार्क अपनी गुलाब की क्‍यारियों के लिए सबसे अधिक जाना जाता है और विभिन्न प्रकार के स्थानीय फूल और ऑर्किड भी यहां पर हैं। वक्‍त बिताने के हिसाब से यह एक शांत और सुंदर जगह है। पार्क के करीब शहर का एकमात्र स्विमिंग पूल है-क्रिनोलिन; इसी नाम से पास में एक झरना भी है-क्रिनोलिन झरना।

लेडी हैदरी पार्क

इको पार्क

राज्य सरकार द्वारा स्थापित, इको पार्क अपने ग्रीनहाउस में ऑर्किडों के विभिन्न संकर और स्वदेशी किस्मों का दावा करता है, जो इसे शिलॉन्ग ऍग्री हॉर्टिकल्चर सोसाइटी ने दिया है। यहां आने पर, आपका स्‍वागत सिलहट मैदान का भव्‍य नज़ारा करता है। इको पार्क चेरापूंजी के सबसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों में से एक है और यहां से चेरापूंजी के 'ग्रीन कैन्यन्‍स' के खूबसूरत नज़ारों का लुत्‍फ उठा सकते हैं। पार्क की सीमा पर पानी का एक साफ़ शफ्फाक सोता है जिससे सौम्‍यता रिसती रहती है। क्रॉसओवर ब्रिज से घाटी के लुभावने नज़ारे देखे जा सकते हैं। दूसरी तरफ से बांग्लादेश के मैदान भी दिखाई देते हैं। पार्क का दक्षिणी हिस्सा लोकप्रिय नोह्सिंगिथियांग फॉल्स का स्रोत बिंदु है।

इको पार्क

मट्टीलैंग पार्क

ऊपरी शिलॉन्‍ग में स्थित, यह उद्यान पड़ोस के एक स्व सहायता समूह की पहल से बना। यह आपको एलीफैंट फॉल्स का शानदार हवाई नज़ारा दिखाता है। प्रकृति की गोद में बसा यह एक आदर्श मनोरंजन स्थल है। एलिफंट फॉल्स की यात्रा भी एक बार तो बनती है और यह शिलॉन्‍ग के सबसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों में से एक है। फर्न से ढंकी चट्टानों पर गिरते फेनिल पानी का नज़ारा देखते ही बनता है।

मट्टीलैंग पार्क

लुम नेहरू पार्क

शिलॉन्ग से लगभग 15 किमी दूर, ऑर्किड झील से सटे उमियम में, पक्षी प्रेमियों के लिए लुम नेहरू पार्क एक ज़रूरी पड़ाव है। एक लोकप्रिय पिकनिक स्थल होने के अलावा, यह पार्क अपने ऑर्किड घर, एवियरी और विशाल घास-मैदानों के लिए भी जाना जाता है। इस पार्क के दोनों ओर विशाल देवदार के पेड़ हैं और जगह इतनी खुली है कि बच्‍चे बड़े मजे में खेल सकते हैं। भारत के पहले प्रधान मंत्री, जवाहरलाल नेहरू पर इसका नाम रखा गया है, और इसके किनारे पर नेहरू की एक प्रतिमा है। यहां से झील का विहंगम दृश्य और डूबते हुए सूरज का नज़ारा भी देखा जा सकता है।

लुम नेहरू पार्क